छत्तीसगढ़जगदलपुर/बकावंड/

शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर युवती पर हमला, सिर-गर्दन पर गंभीर चोटें; आरोपी फरार

बकावंड के करपावंड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोटियावंड में 17 वर्षीय युवती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पीड़िता के पिता ने थाना करपावंड में शिकायत दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पोटियावंड निवासी गोविंद राम कश्यप की बेटी रत्ना कश्यप कक्षा 11वीं की छात्रा है। परिजनों का आरोप है कि संधकरमरी निवासी बनमाली सोनी ने पहले युवती के परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन लड़की की कम उम्र होने के कारण परिवार ने रिश्ता ठुकरा दिया था।

बताया गया कि रविवार रात करीब 10 बजे युवती किसी फोन कॉल के बाद घर से बाहर गई थी। कुछ देर बाद चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। आरोप है कि बनमाली सोनी ने धारदार हथियार से हमला कर मौके से फरार हो गया।

हमले में युवती के सिर, गर्दन, सीने और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल करपावंड पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar