सालेपाल में बनेगा 480 सीटर एकलव्य विद्यालय : सांसद महेश कश्यप और विधायक विनायक गोयल ने किया भूमिपूजन

जगदलपुर। बस्तर जिले के तोकापाल ब्लॉक के ग्राम सालेपाल में 32 करोड़ 83 लाख 75 हजार रुपये की लागत से बनने वाले 480 सीटर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का भूमिपूजन शनिवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्रामीणों ने अतिथियों का बस्तरिया परंपरा के अनुसार स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के तेलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सरकार बस्तर के अंतिम छोर तक शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि जनजातीय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। यहां से पढ़कर निकलने वाले बच्चे आगे चलकर देश के बड़े पदों पर पहुंचेंगे और बस्तर का नाम रोशन करेंगे।
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सालेपाल में बनने वाला यह आधुनिक विद्यालय चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि 480 बच्चों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होने से अब स्थानीय प्रतिभावान विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत बुनियादी ढांचे पर लगातार ध्यान दे रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, सदस्य कामदेव बघेल, पदमनी कश्यप, जनपद अध्यक्ष रामबती भंडारी, उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।




