छत्तीसगढ़

पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति गिरफ्तार, पारिवारिक विवाद में गला घोंटकर उतारा था मौत के घाट

रायपुर में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और घटना के बाद फरार हो गया था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पार्वती साहू के रूप में हुई है, जो छुईया तालाब के पास किराए के मकान में रहती थी। 28 अप्रैल को वह घर में अचेत अवस्था में मिली थी। परिजनों द्वारा उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआत में मामला संदिग्ध माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले मृतका को आखिरी बार उसके पति ललित साहू उर्फ विक्की के साथ देखा गया था। घटना के बाद से आरोपी भी लापता था, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने कपड़े से पत्नी का गला घोंट दिया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar