
केशकाल घाट में शनिवार सुबह अचानक मौसम बदलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। तेज आंधी और बारिश के कारण घाट मार्ग पर कई जगह पेड़ों की डालियां और मिट्टी सड़क पर आ गिरी, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटों तक यात्री और वाहन चालक जाम में फंसे रहे।
जानकारी के मुताबिक, घाट में भारी वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ कराने में जुटी रही। जाम की वजह से रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
वहीं दूसरी ओर बस्तर संभाग के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी मक्के की फसल तेज हवा और बारिश से बिछ गई। किसानों का कहना है कि फसल कटाई से पहले हुए इस नुकसान से भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से घाट मार्ग में सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।




