CG BREAKING: रायपुर में घर से संदिग्ध बम बनाने की सामग्री मिलने से हड़कंप, इलाके को पुलिस ने किया सील

राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर से संदिग्ध बम बनाने की सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। मामला वार्ड नंबर 13 का बताया जा रहा है, जहां से पुलिस को तार, संदिग्ध केमिकल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद होने की जानकारी मिली है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह इलाका रायपुर कमिश्नरेट के नार्थ जोन के अंतर्गत आता है। फिलहाल पुलिस संदिग्ध सामग्री की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इन सामानों को किस मकसद से रखा गया था।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।




