छत्तीसगढ़जगदलपुर

दाबगुड़ा में बिठाल समरथ देव की भव्य स्थापना, हजारों लोगों की मौजूदगी में हुआ ऐतिहासिक आयोजन


जगदलपुर | 02 / 05/ 2026

बस्तर जिले के बकावंड स्थित दाबगुड़ा में सम्भागीय भतरा समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय के प्रतीक और समाज की कुरीतियों को समाप्त करने वाले आराध्य बिठाल समरथ देव की विधि-विधान से स्थापना संपन्न हुई। कार्यक्रम में बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 42 प्रमुख जनजातियों में भतरा जनजाति अपनी अनूठी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के लिए जानी जाती है। उन्होंने बताया कि इस समाज के पुरुष प्राचीन काल से ही अपने शरीर पर ‘राम नाम’ का गोदना गुदवाते आए हैं, जो उनकी गहरी धार्मिक आस्था और भगवान श्रीराम के प्रति समर्पण को दर्शाता है। साथ ही ‘नुआखानी’ और ‘अमूस’ जैसे पर्व प्रकृति और कृषि संस्कृति से उनके गहरे जुड़ाव का प्रतीक हैं।

कार्यक्रम के दौरान बिठाल समरथ देव की स्थापना के साथ समाज प्रमुखों ने यह संकल्प लिया कि वे अपनी परंपराओं को सहेजते हुए शिक्षा और विकास के मार्ग पर समाज को आगे बढ़ाएंगे। मान्यता है कि बिठाल समरथ देव सामाजिक बुराइयों को दूर कर पीड़ितों को न्याय दिलाने वाले देवता के रूप में पूजे जाते हैं।

इस ऐतिहासिक आयोजन में बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से पारंपरिक वेशभूषा में हजारों की संख्या में भतरा समाज के लोग शामिल हुए और अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की सफलता में समाज के संरक्षक दशरथ सिंह बघेल एवं दशमुराम कोर्राम, सम्भागीय अध्यक्ष शंभूनाथ कश्यप, जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, मंडल अध्यक्ष पीताम्बर कश्यप, रणवीर ठाकुर, रुपनाथ कश्यप, शुदरु कश्यप, सम्भागीय उपाध्यक्ष नरसिंग कश्यप, सम्भागीय नाईक लीलाधर कश्यप, कोषाध्यक्ष जयराम कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar