CM के दौरे से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की समीक्षा, सुशासन तिहार में शिविरों के जरिए होगा समस्याओं का त्वरित निराकरण

जगदलपुर, 02 मई 2026। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले ‘सुशासन तिहार’ की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बालोद, बस्तर, दुर्ग और मानपुर-मोहला जिलों की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में नक्शा-खसरा का निःशुल्क वितरण, ‘सेवा सेतु’ के स्टॉल, और पुलिस विभाग द्वारा साइबर क्राइम व अपराध संबंधी जागरूकता अभियान भी संचालित किए जाएं।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों एवं संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर आकाश छिकारा ने जानकारी दी कि बस्तर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में 28, जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में 5 और नगर पंचायत बस्तर में 4 शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नरेगा मजदूरी भुगतान, पेंशन योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, राजस्व प्रकरणों का निराकरण सहित शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, डीएफओ उत्तम गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




