जगदलपुर में स्वामी आत्मानंद विद्यालय के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, 10वीं-12वीं बोर्ड में कई छात्रों ने हासिल किए 90% के करीब अंक

जगदलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेलवे कॉलोनी जगदलपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया और विद्यार्थियों, शिक्षकों व अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के प्राचार्य श्रीलाल वर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों पर दबाव स्वाभाविक होता है, लेकिन सकारात्मक वातावरण और निरंतर प्रोत्साहन से वे बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं। बोर्ड परीक्षा प्रभारी आशा राव ने छात्रों की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए इसे उनके सतत प्रयास और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया।
कक्षा 10वीं में रागिनी मांडवी ने 91.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। भूमिका मरकाम ने 89.5 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा और नूरमनी मंडावी ने 89.1 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 12वीं में वैष्णवी तलाण्डी ने 83 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। हीर लहरे 82.2 प्रतिशत के साथ दूसरे और शिफा दास 79.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कई अन्य विद्यार्थियों ने भी विशिष्ट श्रेणी में स्थान प्राप्त कर संस्था का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




