छत्तीसगढ़

पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर, ममता सरकार की विदाई तय: उप मुख्यमंत्री अरुण साव का दावा, भाजपा को सुशासन की उम्मीद

रायपुर, 23 अप्रैल 2026

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच कहा कि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत तय है। पश्चिम बंगाल से आ रहे मतदान के रुझान से स्पष्ट है कि राज्य में बदलाव की लहर है और ममता बनर्जी सरकार की विदाई तय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पश्चिम बंगाल में इस बार कमल खिलने जा रहा है और प्रदेश को सुशासन वाली सरकार मिलने वाली है। साव ने कहा कि राज्य की माताओं और बहनों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा तथा युवाओं के सपनों को साकार करने का मार्ग प्रशस्त होगा।

साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की उपेक्षा और उनके साथ अन्याय किया। आज सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस को ओबीसी वर्ग की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में भी ओबीसी वर्ग के साथ अन्याय हुआ, जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है।

नवा रायपुर अटल नगर स्थित निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने काका कालेकर आयोग की रिपोर्ट को दबाकर रखा और मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करने में भी गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने याद दिलाया कि वी.पी. सिंह की सरकार के दौरान मंडल आयोग लागू किया गया, जबकि उस समय राजीव गांधी ने लंबा भाषण देकर विरोध किया।

साव ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास पिछड़ा वर्ग के हितों की अनदेखी का रहा है। आज जब वह सत्ता से बाहर है, तब उसका ओबीसी प्रेम केवल राजनीतिक दिखावा है। देश और प्रदेश का पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को भली-भांति समझ चुका है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar