पैरी पखना गांव में कलेक्टर की चौपाल, हर महीने तीसरे सोमवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

जगदलपुर, 09 अप्रैल 2026: बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के सुदूर अंचल स्थित पैरी पखना गांव में गुरुवार को कलेक्टर आकाश छिकारा ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
दुर्गम पहाड़ी इलाके तक पहुंचने के लिए कलेक्टर ने सुकमा जिले के बंकेपाल तक चारपहिया वाहन से यात्रा की, इसके बाद पैदल और मोटरसाइकिल से कठिन रास्ता तय किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन का स्वागत किया।
चौपाल में ग्रामीणों ने मोबाइल कनेक्टिविटी, राशन व्यवस्था, आधार कार्ड निर्माण, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग उठाई। कलेक्टर ने बताया कि पूर्व में माओवाद गतिविधियों के कारण यह क्षेत्र विकास से वंचित रहा, लेकिन अब विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत गांव को सड़क से जोड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर सोमवार आधार कार्ड शिविर और हर महीने के तीसरे सोमवार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को वन अधिकार पट्टा, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना और मातृ वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं से लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
चौपाल में बच्चों को चॉकलेट, बिस्किट, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतल वितरित की गई। स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर मच्छरदानी और आवश्यक दवाइयां प्रदान की गई। हितग्राही योजनाओं के तहत चयनित लाभार्थियों को सामग्री भी वितरित की गई।
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, सहायक कलेक्टर विपिन दुबे, एसडीएम शंकर लाल सिन्हा, एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




