
जगदलपुर। नगर पालिका निगम जगदलपुर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत कर वसूली अभियान में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। राज्य शासन ने करदाताओं को राहत देते हुए 31 मार्च 2026 की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 30 अप्रैल 2026 कर दिया है। इस अवधि में टैक्स जमा करने पर 10% पेनल्टी से छूट मिलेगी।
नगर निगम द्वारा इस वर्ष कुल 24 करोड़ 21 लाख 37 हजार रुपए का लक्ष्य रखा गया था, जिसके मुकाबले 31 मार्च तक 19 करोड़ 11 लाख 27 हजार रुपए की वसूली हो चुकी है, जो कि 78.93% है।
संपत्ति कर के मामले में निगम ने बेहतर प्रदर्शन किया है। 6 करोड़ 76 लाख 58 हजार के लक्ष्य के विरुद्ध 6 करोड़ 63 लाख 31 हजार रुपए की वसूली कर 98.04% लक्ष्य हासिल कर लिया गया। वहीं बकाया सहित 8 करोड़ 37 लाख 14 हजार के लक्ष्य के मुकाबले 7 करोड़ 96 लाख 53 हजार यानी 95.15% वसूली दर्ज की गई।
हालांकि जलकर वसूली अपेक्षाकृत कम रही है। 8 करोड़ 25 लाख 09 हजार के लक्ष्य के मुकाबले 31 मार्च तक केवल 2 करोड़ 48 लाख 18 हजार रुपए (30.08%) ही वसूले जा सके। इसके अलावा दुकानों के किराए से 1 करोड़ 80 लाख 54 हजार रुपए की आय प्राप्त हुई है।
महापौर संजय पांडे ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे 30 अप्रैल 2026 तक अपना टैक्स जमा कर शासन द्वारा दी गई छूट का लाभ उठाएं और अधिभार से बचें। वहीं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताते हुए इसे करदाताओं के लिए बड़ी राहत बताया है।




