दिवाली 2026 पर आएगी ‘रामायणम्’: रणबीर बने राम, यश बनेंगे रावण, पहली बार आमने-सामने दिखेंगे दो सुपरस्टार

रायपुर/मुंबई। भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य फिल्मों में से एक बनने जा रही ‘रामायणम्: पार्ट 1’ की रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा इस मेगा प्रोजेक्ट को दिवाली 2026 पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने जा रहे हैं। यह फिल्म दो हिस्सों में बनेगी, जिसका दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर रिलीज होगा।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि केजीएफ स्टार यश रावण की भूमिका निभाएंगे। खास बात यह है कि ये दोनों बड़े सितारे पहली बार एक-दूसरे के आमने-सामने स्क्रीन शेयर करेंगे, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
सीता के रोल में साई पल्लवी और लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे नजर आएंगे। वहीं, सनी देओल बजरंगबली हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन ‘दंगल’ फेम डायरेक्टर नितेश तिवारी कर रहे हैं।
कहानी भगवान विष्णु के राम अवतार और रावण के साथ उनकी महायुद्ध गाथा पर आधारित है, जिसमें धर्म, त्याग और अहंकार के टकराव को भव्य तरीके से दिखाया जाएगा। फिल्म को इंटरनेशनल लेवल पर बनाने के लिए हॉलीवुड टेक्नोलॉजी और स्टंट टीम का भी सहारा लिया गया है।
म्यूजिक की बात करें तो ऑस्कर विजेता हंस जिमर और ए.आर. रहमान जैसे दिग्गज इसमें संगीत दे रहे हैं, जिससे फिल्म का स्तर और भी ऊंचा हो गया है।
‘रामायणम्’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और इतिहास की सबसे बड़ी कहानी को आधुनिक सिनेमाई रूप में पेश करने की कोशिश है। दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाली यह फिल्म बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश को और भी भव्य तरीके से दर्शकों तक पहुंचाएगी।




