न बंदूक, न शोर… 3 मिनट में 95 करोड़ की चोरी: चोर पेंटिंग्स लेकर चंपत

इटली के पर्मा शहर में एक चौंकाने वाली चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां स्थित मैग्नानी रोक्का फाउंडेशन म्यूजियम से चोरों ने महज 3 मिनट के भीतर तीन बेशकीमती पेंटिंग्स चुरा लीं। इनकी कुल कीमत लगभग 90 से 95 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कौन-कौन सी पेंटिंग्स हुईं चोरी?
चोरी हुई पेंटिंग्स विश्व प्रसिद्ध कलाकारों की हैं—
- पियरे-अगस्त रेनुआर की ‘फिश’
- पॉल सेजान की ‘स्टिल लाइफ विद चेरीज’
- हेनरी मातिस की ‘ओडालिस्क ऑन द टेरेस’
ये तीनों कलाकृतियां मिलकर करीब 10 मिलियन डॉलर की बताई जा रही हैं।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
यह चोरी 22-23 मार्च की दरमियानी रात को हुई। चोरों ने बेहद प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया और 3 मिनट से भी कम समय में पेंटिंग्स लेकर फरार हो गए।
म्यूजियम की सुरक्षा प्रणाली एक्टिव होते ही अलार्म बज गया, जिससे चोर ज्यादा समय तक अंदर नहीं रुक सके। शुरुआती जांच के मुताबिक, वे म्यूजियम के बगीचे की ओर से भाग निकले।
और भी बड़ी चोरी हो सकती थी
म्यूजियम प्रशासन के अनुसार, अगर अलार्म समय पर नहीं बजता तो चोर कई और महंगी पेंटिंग्स भी ले जा सकते थे। इस म्यूजियम में ड्यूरर, रूबेन्स, गोया और मोने जैसे महान कलाकारों की कृतियां भी मौजूद हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
यह पहली घटना नहीं है। 2025 में लूव्र म्यूजियम में भी 4–7 मिनट के भीतर करोड़ों के शाही आभूषण चोरी हो गए थे। उस मामले में कुछ संदिग्ध पकड़े गए, लेकिन चोरी का सामान आज तक बरामद नहीं हो सका।
फिलहाल इटली पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी की जांच में जुटी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अलर्ट जारी किया गया है।




