अन्य खबरेंछत्तीसगढ़

जगदलपुर में गूंजा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का शंखनाद: महाराष्ट्र का दबदबा, अरुणाचल की धाविका ने जीता दिल

जगदलपुर, 30 मार्च 2026। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में सोमवार को चार दिवसीय खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य आगाज हुआ। उद्घाटन के साथ ही देशभर से पहुंचे जनजातीय खिलाड़ियों ने मैदान में दमदार प्रदर्शन कर खेल महाकुंभ की शानदार शुरुआत की।

पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में 5000 मीटर दौड़ सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रही, जहां खिलाड़ियों के बीच सेकंड के सौवें हिस्से तक कड़ी टक्कर देखने को मिली। इसके अलावा 110 मीटर बाधा दौड़ (पुरुष एवं महिला) और 400 मीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला) के पहले राउंड भी आयोजित किए गए।

महाराष्ट्र का शानदार प्रदर्शन
पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा। गोविंद प्रकाश पाडेकर ने 15:11.35 का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि उनके ही राज्य के सूरज जयराम माशी ने 15:11.64 के साथ रजत पदक जीतकर महाराष्ट्र को दोहरी सफलता दिलाई। मध्य प्रदेश के रंगलाल दोदियार ने 15:22.48 के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

महिलाओं में पूर्वोत्तर का जलवा
महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में अरुणाचल प्रदेश की नेदी नगी ने 18:24.66 का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और राज्य का मान बढ़ाया। मध्य प्रदेश की आरती डावर ने 18:29.28 के साथ रजत पदक अपने नाम किया, जबकि नागालैंड की टी सूचोई टी ने 18:35.68 के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

पदक तालिका में महाराष्ट्र शीर्ष पर
पहले दिन के मुकाबलों के बाद पदक तालिका में महाराष्ट्र एक स्वर्ण और एक रजत के साथ पहले स्थान पर है। अरुणाचल प्रदेश एक स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जबकि मध्य प्रदेश एक रजत और एक कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर है। नागालैंड एक कांस्य के साथ चौथे स्थान पर है।

बस्तर की धरती पर शुरू हुआ यह खेल महाकुंभ आगामी तीन दिनों में और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां देश के जनजातीय युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar