
बकावंड: भतरा समाज रायकेरा परगना की संगठन विस्तार और सामाजिक विकास पर केंद्रित बैठक ग्राम छोटेदेवड़ा, बड़ेपारा दुर्गा चौक में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ वीर शहीद जकरकन के छायाचित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करके किया गया। इस अवसर पर 26 गांवों से समाज के लोग, समाज प्रमुख नाइक और पाईक उपस्थित हुए।
बैठक में समाज के हित, जागरूकता और संस्कृति को मजबूत करने के विषय में चर्चा हुई। शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया और समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि अब हर महीने इस तरह की बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे समाज के विकास में सहायक होगा।
समाज प्रमुखों ने कहा कि लोगों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए लड़ना होगा और शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना आवश्यक है। बैठक में युवाओं के रोजगार के अवसर बढ़ाने और महिलाओं के लिए स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा, समाज के विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग करने और बच्चों को सामाजिक संस्कार, रीति-नीति और समाज सेवा की शिक्षा देने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने समाज के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
अगली बैठक 5 अप्रैल 2026 को किंजोली में सुबह 10:30 बजे आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। समाज के सभी सदस्य, महिला और पुरुष, भारी संख्या में समय पर उपस्थित होने के लिए आमंत्रित किए गए हैं।




