छत्तीसगढ़

डिप्टी सीएम विजय शर्मा जगदलपुर रवाना : कुख्यात नक्सली पापाराव का सरेंडर आज; 31 मार्च तक नक्सलवाद खत्म करने का दावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर के लिए रवाना हुए, जहां कुख्यात नक्सली लीडर पापाराव अपने साथियों और हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करेगा। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि 8 एके-47 समेत अन्य हथियारों के साथ आज पापाराव का पुनर्वास किया जाएगा और समाज के सामने सरेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी। इस दौरान वे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।

गृहमंत्री ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि तय समय 31 मार्च तक पूरे छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब केवल 30-35 छिटपुट नक्सली ही बचे हैं, जिनका भी जल्द पुनर्वास किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 31 मार्च के बाद भी सतर्कता बरतना जरूरी होगा। नक्सली लीडर गणपति और मिशीर के ठिकाने को लेकर उन्होंने कहा कि अभी उनकी सटीक जानकारी नहीं है।

धर्मांतरण के मुद्दे पर Supreme Court of India के हालिया आदेश का जिक्र करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि यह प्रक्रिया नई नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस्लाम या ईसाई धर्म अपनाता है, तो उसे अनुसूचित जाति के लाभ नहीं मिलते, इसलिए संस्कृति का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मांतरण के कारण गांवों में विभाजन बढ़ा है और इससे वर्ग संघर्ष की स्थिति पैदा हुई है। आदिवासी समाज के एक बड़े वर्ग द्वारा डीलिस्टिंग की मांग भी इसी वजह से उठ रही है। इस पर अंतिम निर्णय संविधान के आधार पर न्यायालय करेगा।

अफीम की अवैध खेती के मुद्दे पर गृहमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि “व्यक्ति का नहीं, कानून का राज होता है।” उन्होंने बताया कि दुर्ग के बाद बलरामपुर और रायगढ़ में भी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कलेक्टरों को जहां भी गड़बड़ी मिले, वहां सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की समग्र जांच की जाएगी और यदि कोई संगठित गिरोह इसके पीछे पाया गया, तो उसे पूरी तरह खत्म किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar