
बस्तर विकासखंड में 4278 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
बस्तर। बस्तर विकासखंड के माध्यमिक शाला मुंडकटियापारा, संकुल खड़का मधोता में आयोजित उल्लास महा परीक्षा का खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती देवांगन ने निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्र का दौरा कर प्रश्नपत्र वितरण, परीक्षार्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षार्थियों से बातचीत भी की और उन्हें शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता का मूल्यांकन करने के साथ-साथ उनके ज्ञान और आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं।
उल्लास महा परीक्षा में बस्तर विकासखंड से कुल 4278 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 2837 महिला परीक्षार्थी और 1441 पुरुष परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों की उपस्थिति और व्यवस्था संतोषजनक रही।
इस दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का आकलन करना है, इसलिए सभी को पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ परीक्षा प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए।
इस अवसर पर सरपंच कुंडगुड़ा ईस्पर मंडावी, मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, संकुल समन्वयक कृष्णा सिंह ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षक लोकेश्वर यदू, राजेंद्र सिंह, हरदेव कश्यप तथा संकुल से जुड़े अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से परीक्षा का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




