
,,अधिभार से बचने समय पर टैक्स जमा करें — राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा,
जगदलपुर, 13 मार्च 2026,नगर पालिका निगम जगदलपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम माह मार्च में राजस्व वसूली को गति देते हुए टैक्स काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शनिवार और रविवार को भी टैक्स काउंटर खुले रखने की व्यवस्था की है, ताकि नागरिक बिना किसी असुविधा के अपने करों का भुगतान कर सकें।
नगर निगम क्षेत्र के भवन एवं भूमि स्वामियों से संपत्ति कर, यूजर चार्ज, जल कर, भू-भाटक तथा दुकान किराया 31 मार्च 2026 से पहले जमा करने की अपील की गई है। समय सीमा के भीतर कर जमा करने वाले करदाताओं को अतिरिक्त अधिभार से बचने का लाभ मिलेगा।
करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम जगदलपुर द्वारा डिजिटल भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। सहायक राजस्व निरीक्षकों के पास उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से भी नागरिक आसानी से अपने करों का भुगतान कर सकते हैं।
नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को भी नगर निगम के मुख्य कार्यालय में संपत्ति कर काउंटर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे, जिससे अवकाश के दिनों में भी करदाता अपने करों का भुगतान कर सकेंगे।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि करदाता चालू वित्तीय वर्ष का टैक्स 31 मार्च 2026 से पहले बिना किसी अधिभार के जमा कर सकते हैं। इसके लिए निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक वार्डों में घर-घर पहुंचकर कर वसूली के लिए दस्तक दे रहे हैं और नागरिकों को समय पर कर जमा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन करदाताओं ने अब तक अपना पुराना संपत्ति कर जमा नहीं किया है, वे भी 31 मार्च से पहले बकाया राशि जमा कर नगर निगम के कार्यों में सहयोग करें।
वहीं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने करदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक 31 मार्च से पहले अपने बकाया करों का भुगतान कर दें, जिससे उन्हें अतिरिक्त अधिभार से बचने का लाभ मिलेगा। सहायक राजस्व निरीक्षक घरों और दुकानों तक पहुंचकर भी कर संग्रहण की प्रक्रिया को सुगम बना रहे हैं।
नगर निगम जगदलपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा से पहले अपने करों का भुगतान कर शहर के विकास कार्यों में सहयोग दें और अतिरिक्त अधिभार से बचें।




