छत्तीसगढ़ में निकाय-पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू: 5 मई को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, 1142 पदों पर होगा चुनाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर पालिका और त्रिस्तरीय पंचायतों के आगामी आम और उपचुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) तैयार करने और उसके पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। स्थानीय निकायों की मतदाता सूची 1 अप्रैल 2026 की स्थिति के आधार पर तैयार की जाएगी।
आयोग के अनुसार जिन मतदाताओं के नाम भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में संबंधित वार्ड, क्षेत्र या पंचायत में दर्ज होंगे, वही स्थानीय निकायों की निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाएंगे। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है, तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रारूप क-1 में आवेदन देकर अपना नाम दर्ज करा सकेगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 13 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावे-आपत्तियां जमा करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 तय की गई है, जबकि प्रारूप क-1 में दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल 2026 होगी। सभी दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 5 मई 2026 को किया जाएगा।
प्रदेश में नगरीय निकाय उपचुनाव के तहत नगरपालिका परिषद सारंगढ़ और नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा में अध्यक्ष के कुल 2 पद रिक्त हैं। इसके अलावा पार्षदों के 15 पद खाली हैं। वहीं चार नवगठित नगर पंचायतों—घुमका, बम्हनीडीह, शिवनंदनपुर और पलारी—में अध्यक्ष के 4 पद तथा पार्षदों के 60 पद रिक्त हैं।
इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 8 पद, सरपंच के 78 पद और पंच के 1056 पद खाली हैं। इस प्रकार प्रदेश के 33 जिलों में कुल 1142 पदों पर चुनाव कराया जाना है।
निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का प्रशिक्षण 24 मार्च 2026 तक कराया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का मुद्रण 9 अप्रैल 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।




