स्कूल में समय से पहले छुट्टी, डेढ़ घंटे तक गांव में घूमते रहे बच्चे; अभिभावकों में चिंता

बकावंड। विकासखंड बकावंड के ग्राम पंचायत झारउमर स्थित प्राथमिक शाला में लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार को स्कूल में बच्चों को निर्धारित समय से पहले ही छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद कई बच्चे करीब डेढ़ घंटे तक गांव में इधर-उधर घूमते नजर आए। इस घटना को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे बच्चों को “विशेष छुट्टी” बताकर स्कूल से बाहर कर दिया गया, जबकि स्कूल में विशेष छुट्टी का निर्धारित समय दोपहर 12:00 बजे बताया जाता है। समय से पहले छुट्टी मिलने के बाद बच्चे गांव के अलग-अलग स्थानों पर घूमते दिखाई दिए।
ग्रामीणों के मुताबिक कुछ बच्चे इमली के पेड़ पर चढ़े हुए मिले, तो कुछ तालाब के आसपास खेलते नजर आए। वहीं कई बच्चे खेतों और मोहल्लों में भटकते रहे। करीब 12:30 बजे के आसपास कुछ बच्चे फिर से स्कूल परिसर में बैठे हुए दिखाई दिए।
जब इस संबंध में स्कूल के अंदर जाकर शिक्षिकाओं से जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो उस समय एक शिक्षिका बच्चों को डांटते हुए दिखाई दीं, जबकि दूसरी शिक्षिका पास के एक अन्य स्कूल में गई हुई थीं।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रधानाध्यापक मैडम ने सफाई देते हुए कहा कि स्कूल में शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चे बाहर जाते हैं। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसी स्थिति थी, तो बच्चों को बिना निगरानी के डेढ़ घंटे तक गांव में घूमने क्यों दिया गया।
इस मामले की जानकारी खण्ड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को फोन के माध्यम से दी गई। बीईओ ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की इस तरह की लापरवाही बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल शिक्षा विभाग ने जांच का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।




