छत्तीसगढ़

अबीर-गुलाल और फाग गीतों के बीच प्रेस क्लब में सजा होली मिलन, कलेक्टर-एसपी समेत जनप्रतिनिधि और पत्रकार हुए शामिल

कोण्डागांव, 08 मार्च। कोण्डागांव प्रेस एंड मीडिया फेडरेशन सह प्रेस क्लब में रविवार को होली मिलन समारोह उत्साह और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और फाग गीतों के साथ रंगोत्सव का आनंद लिया।

समारोह में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी और आईफा संयोजक डॉ. राजाराम त्रिपाठी सहित कई अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और पत्रकार मौजूद रहे। नगाड़ों की थाप और रंग-गुलाल के बीच पूरा माहौल होलीमय नजर आया और सभी ने आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर संवाद और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि त्योहार समाज में खुशियां और अपनापन लेकर आते हैं। होली जैसे पर्व लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के करीब लाने का काम करते हैं। उन्होंने सभी को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की शुभकामनाएं दीं।

प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र सोनपिपरे ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और सभी को होली पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सौहार्द और संवाद को मजबूत करते हैं। अंत में उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों और प्रेस क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar