छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

पुराने राज टॉकीज के खंडहर में चोरी, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा; पुलिया के पास छिपाया था सामान

जगदलपुर, 7 मार्च 2026। बस्तर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पुरातत्व संग्रहालय के सामने स्थित खंडहर भवन से चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से लगभग 30 हजार रुपये की हैमर मशीन और लोहे के रॉड बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी पंकज भाटिया निवासी मां दुर्गा चौक, सुभाष वार्ड जगदलपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने पुरातत्व संग्रहालय के सामने स्थित स्व. गंगाधर दुबे के पुराने राज टॉकीज के खंडहर भवन से दीवार तोड़ने वाली हैमर मशीन, लोहे का शटर, दरवाजा, खिड़की, घन और लोहे के रॉड चोरी कर लिए थे। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी भोलासिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तथा मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही वेलू शेट्टी (30 वर्ष) निवासी कालीपुर अटल आवास जगदलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर निर्माणाधीन बस्तर विश्वविद्यालय के सामने पुलिया के पास छिपाकर रखी गई एक हैमर मशीन और लोहे के रॉड बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक भोलासिंह राजपूत, उपनिरीक्षक भुवनेश्वर पांडेय, प्रधान आरक्षक राजू प्रकाश टोप्पो तथा आरक्षक प्रकाश नायक और रामसाय नागेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar