छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

मॉडल हितग्राही बनाकर योजनाओं का असर दिखाएं: आकाश छिकारा

जगदलपुर, 3 फरवरी 2026। कलेक्टर आकाश छिकारा ने विभागों की प्राथमिकता वाली योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने कहा कि शासन की प्रमुख योजनाओं के कम से कम दस-दस हितग्राहियों को मॉडल के रूप में चयनित किया जाए, ताकि वे अन्य लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर सकें।

बैठक में 22 मार्च को प्रस्तावित बस्तर हेरिटेज मैराथन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर जनपद में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

कलेक्टर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के चयनित ग्रामों में विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का असर जमीनी स्तर पर दिखना चाहिए। सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले में विकास कार्यों को गति मिल सके।

बैठक में ई-प्रगति पोर्टल की प्रविष्टियों, डेफ्ट खातों में लंबित राशि, पीएम श्री स्कूलों में विकास कार्यों की प्रगति और धान उठाव की स्थिति की समीक्षा की गई। राशन दुकानों में खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण और समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

संपूर्णता अभियान 2.0, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, लखपति पहल योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम किसान सम्मान निधि में एग्रिस्टैक और ई-केवाईसी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल आपूर्ति के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सी पी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar