मटनार सरपंच जयराम कश्यप ने थामा भाजपा का दामन, संगठन को मिली नई मजबूती

,,बकावंड ब्लॉक के दामागुड़ा में हुआ जॉइनिंग कार्यक्रम, भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर लिया फैसला,,
बकावंड। बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मटनार के सरपंच जयराम कश्यप ने आज ग्राम पंचायत पाऊरबेल के आश्रित पारा दामागुड़ा में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने भाजपा की विचारधारा, रीति-नीति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया।
जॉइनिंग कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जयराम कश्यप का गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा पार्टी में शामिल होने पर उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं। इस अवसर पर बकावंड मंडल अध्यक्ष पीतांबर कश्यप, पूर्व जनपद अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप, जनपद अध्यक्षा सोनबारी भद्रे, महामंत्री अनिल बिसाई, रणवीर सिंह बैस, भगत सोनी, जगन्नाथ तामेन्द बिसाई सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जयराम कश्यप के भाजपा में शामिल होने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी तथा ग्राम मटनार में पार्टी की स्थिति और सुदृढ़ होगी। वहीं जयराम कश्यप ने भरोसा दिलाया कि वे भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
जयराम कश्यप का भाजपा में शामिल होना संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और मजबूत होने की उम्मीद है।




