छत्तीसगढ़बस्तरबस्तर संभाग

बस्तर पंडुम 2026 की तैयारियां तेज, 15 जनवरी को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय आयोजन

बस्तर।
बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले बस्तर पंडुम 2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी कड़ी में ब्लॉक मुख्यालय बस्तर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में 15 जनवरी को ब्लॉक स्तरीय बस्तर पंडुम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 10 जनवरी से 5 फरवरी तक तीन चरणों में संपन्न होगा, जिसमें जनपद स्तरीय, जिला स्तरीय और संभाग स्तरीय कार्यक्रम शामिल हैं। बस्तर पंडुम के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक जनजातीय विरासत को एक सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है। ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार तिवारी लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि ब्लॉक स्तर की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा आयोजन की तिथि 15 जनवरी को सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कार्यक्रम से पूर्व ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिसके तहत प्रतिभागी अपनी जनजातीय कला और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।
बस्तर पंडुम 2026 में कुल 12 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें जनजातीय नृत्य, लोकगीत, नाट्य, पारंपरिक वाद्ययंत्र, वेशभूषा, आभूषण, पूजा-पद्धति, शिल्पकला, चित्रकला, पारंपरिक व्यंजन, आंचलिक साहित्य तथा वन-औषधि जैसी विधाएं शामिल हैं। इस महोत्सव के माध्यम से बस्तर की प्राचीन परंपराओं, कला-संस्कृति और जीवनशैली को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ-साथ बाहरी दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

बस्तर पंडुम 2026 न केवल एक सांस्कृतिक आयोजन है, बल्कि यह बस्तर की पहचान, जनजातीय अस्मिता और विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। आगामी दिनों में जिले और संभाग स्तर पर होने वाले आयोजनों से बस्तर की सांस्कृतिक विविधता को व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar