कमिश्नर डोमन सिंह ने धनपूंजी जांच चौकी का किया आकस्मिक निरीक्षण, अवैध धान आवक पर सख्ती के निर्देश

जगदलपुर, 25 नवंबर 2025।
बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने मंगलवार को धनपूंजी स्थित अंतरराज्यीय जांच चौकी का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने ओडिशा से अवैध धान की आवक रोकने के लिए चौकी पर तैनात कर्मचारियों को सतर्क रहने और वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। रात्रि एवं अलसुबह वाहनों की विशेष जांच करने पर जोर देते हुए उन्होंने ड्यूटी से अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा।
इसके साथ ही कमिश्नर ने नगरनार धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों के लिए टोकन उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, बारदाना, पेयजल एवं छायादार विश्राम स्थल जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि नगरनार केंद्र में 371 किसान पंजीकृत हैं। यहां 20 हजार नए और 15 हजार पुराने बारदाने उपलब्ध हैं। 26 नवंबर के लिए सात किसानों ने लगभग 370 क्विंटल धान बेचने हेतु टोकन प्राप्त किए हैं। जिले के 58 धान खरीदी केंद्रों में अब तक 27,622 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।




