छत्तीसगढ़जगदलपुरबकावंडबस्तर संभाग

बकावण्ड के किसान वीरेन्द्र बघेल को फार्म मशीनरी बैंक से मिली खेती में सहूलियत और आमदनी, क्षेत्र के 365 से अधिक किसानों को भी मिल रही तकनीकी मदद

जगदलपुर, बकावंड! जिले के बकावण्ड तहसील के कचनार निवासी वीरेन्द्र बघेल ने शासन की योजना से लाभ उठाकर कृषि यंत्र सेवा केन्द्र की स्थापना की। इसके माध्यम से वे न केवल अपनी खेती में उन्नत तकनीक का उपयोग कर अधिक मुनाफा कमा रहे हैं, बल्कि क्षेत्र के किसानों को कृषि उपकरण किराए पर उपलब्ध कराकर आमदनी भी अर्जित कर रहे हैं।

42 वर्षीय वीरेन्द्र के पास 3 एकड़ खेती की भूमि है, जिसमें पहले परंपरागत तकनीक से खेती करने पर वार्षिक आय केवल दो लाख रुपए थी। उच्च उत्पादन लागत और समय की कमी के कारण मुनाफा कम होता था। लेकिन कृषि यांत्रिकीकरण सबमिशन के तहत फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने के बाद स्थिति बदल गई। इसमें शामिल उपकरण हैं:

2 ट्रेक्टर

1 कल्टीवेटर

1 थ्रेसर

1 रिपर

1 रोटावेटर

1 सीड ड्रिल

1 स्प्रेयर

इनकी कुल लागत 25.17 लाख रुपए थी, जिसमें राज्य शासन ने 10 लाख रुपए का अनुदान प्रदान किया।

वीरेन्द्र बताते हैं कि फार्म मशीनरी बैंक से उन्नत तकनीक का उपयोग कर खेती करने से उनकी आय बढ़ी है। वहीं, क्षेत्र के कुदालगांव, कचनार, बोरपदर, मेटावाड़ा, भिरलीगा, चोलनार जैसे गाँवों के लगभग 365 किसान उपकरण किराए पर लेकर उन्नत तकनीक से खेती कर रहे हैं। इससे खरीफ और रबी फसल की तैयारी समय पर पूरी हो रही है।

विगत 13 महीनों में मशीनों के किराए से करीब 10 लाख रुपए आय हुई, जिसमें डीजल और मरम्मत पर 4 लाख रुपए खर्च हुए और 6 लाख रुपए शुद्ध लाभ हुआ। इसी से ढाई लाख रुपए बैंक ऋण अदा किया जा चुका है। वीरेन्द्र के अनुसार, इस आमदनी से उनके घर-परिवार में खुशहाली आई है।

गत दिनों संभागीय संयुक्त संचालक कृषि महादेव ध्रुव और संभागीय कृषि अभियंता एच.एल. देवांगन ने फार्म मशीनरी बैंक का अवलोकन किया और अधिक से अधिक लघु-सीमांत किसानों को उन्नत कृषि यंत्र उपलब्ध कराकर आमदनी बढ़ाने की सलाह दी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar