छत्तीसगढ़दुर्ग संभाग

100 करोड़ की जीएसटी चोरी का पर्दाफाश: गुटखा कारोबारी गिरफ्तार

रायपुर/दुर्ग। प्रतीक चौहान।
स्टेट जीएसटी की टीम ने दुर्ग जिले में 100 करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी का खुलासा करते हुए एक बड़े व्यापारी को गिरफ्तार किया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक आरोपी व्यापारी सितार गुटखा फैक्ट्री से जुड़ा हुआ है और बीते कई वर्षों से करोड़ों रुपए की कर चोरी कर रहा था।

गुटखा फैक्ट्री पर फिल्मी अंदाज में दबिश

जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग ने हाल ही में दुर्ग जिले के गनियारी गांव स्थित सितार गुटखा फैक्ट्री पर सटीक प्लानिंग और फिल्मी अंदाज में छापेमारी की थी। इस कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में गुटखा बनाने का सामान, रैपर और मशीनें जब्त की गईं।

फैक्ट्री मालिक गुरमुख की गिरफ्तारी

सूत्रों के मुताबिक फैक्ट्री मालिक गुरमुख को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि वह पुलिस और खाद्य विभाग की साठगांठ से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से गुटखा उत्पादन कर रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 4-5 सालों से यह कारोबार संचालित कर रहा था।

छापे की रोमांचक कहानी

जीएसटी टीम ने छापेमारी से पहले आधा किलोमीटर पहले ही अपनी गाड़ियों की हेडलाइट बंद कर दी थी। संभावित गुप्त रास्तों की जांच के बाद रात करीब 3 बजे सात फीट ऊंची दीवार फांदकर टीम फैक्ट्री के अंदर पहुंची। अचानक हुए इस एक्शन से वहां मौजूद कर्मचारी सकपका गए और भागने की कोशिश करने लगे।

आगे होंगे बड़े खुलासे

विभाग का मानना है कि इस गिरफ्तारी के बाद कई बड़े खुलासे संभव हैं। गुटखा कारोबारी की गिरफ्तारी से टैक्स चोरी और अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar