छत्तीसगढ़ रजत जयंती पर पीएम मोदी का दौरा: नवा रायपुर में नए विधानसभा भवन का करेंगे उद्घाटन, अटल निर्माण वर्ष के उत्सव की होगी शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ अपने स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है और इस मौके को यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे।
अटल निर्माण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा 25वां स्थापना वर्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था। इसलिए इस साल को सरकार ने अटल निर्माण वर्ष घोषित किया है। इस अवसर पर अगले 25 हफ्तों तक राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसमें शामिल होने का आमंत्रण भेजा गया है।
नवा रायपुर में विधानसभा भवन का उद्घाटन
नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का नया भवन लगभग तैयार है। 1 नवंबर को रजत जयंती राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी भी संभव है। इसके बाद विधानसभा का आगामी सत्र नए भवन से आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
कोरबा दौरे पर CM ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने कोरबा रवाना हुए थे। इस दौरान रायपुर स्टेट हैंगर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार का राज्योत्सव बेहद खास होगा, क्योंकि यह रजत जयंती के साथ अटल निर्माण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।




