छत्तीसगढ़

नाले के पास डंप 9 पेटी एमपी की शराब जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य तस्कर फरार

राजनांदगांव। जिले के मोहारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाले के पास डंप की गई 9 पेटी मध्यप्रदेश की शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य तस्कर अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मोहारा निवासी नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी द्वारा कोटरीछापर रोड स्थित मुढिया नाला के पास भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है और उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही मोहारा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेंद्र वर्मा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मौके से 9 पेटी शराब बरामद की गई, जो मध्यप्रदेश की बताई जा रही है।

वहीं, शराब डंप करने वाला मुख्य आरोपी नंदकिशोर वर्मा मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar