बलौदाबाजार की 39 नई सहकारी समितियों को मिली POS मशीन, किसानों को घर के पास मिल रहा खाद-बीज और ऋण

बलौदाबाजार, 02 जून 2026
शासन की महत्वाकांक्षी ग्रामीण सेवा सहकारी समितियों के पुनर्गठन योजना के तहत बलौदाबाजार जिले में गठित 39 नवीन ग्रामीण सेवा सहकारी समितियों को खाद वितरण के लिए पीओएस (POS) मशीनें प्रदान की गई हैं। मशीन उपलब्ध होने के साथ ही सभी समितियों में किसानों को सुगमता से खाद और बीज का वितरण शुरू कर दिया गया है।
इन नवीन सहकारी समितियों के माध्यम से जिले की 89 पंचायतों के 112 गांवों के 43,639 किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। किसानों को अब खेती-किसानी के लिए आवश्यक खाद, बीज और नगद ऋण अपने गृह ग्राम के नजदीक ही उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनमें खुशी और संतोष का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 39 नई समितियों में अब तक 1,876 टन खाद का भंडारण किया जा चुका है, जबकि 353 टन खाद का वितरण किसानों को किया गया है। इसके साथ ही किसानों को कुल 48 करोड़ 99 लाख रुपये का ऋण भी वितरित किया जा चुका है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहकारी समितियों के माध्यम से खाद और बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार कृषि केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक और कृषि सामग्री उपलब्ध हो सके।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से किसानों को समय पर कृषि संसाधन उपलब्ध होंगे और खरीफ सीजन की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।




