
जगदलपुर, 01 मार्च 2026। कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में आयोजित एक गरिमामय समारोह में फरवरी माह में सेवानिवृत्त हुए 13 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पेंशनर संघ के पदाधिकारियों तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजनों की उपस्थिति ने वातावरण को भावुक और सम्मानपूर्ण बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने सेवानिवृत्त कर्मियों की दीर्घकालिक, निष्ठापूर्ण और समर्पित सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की सफलता में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उनके अनुभव की पूंजी समाज के लिए अमूल्य धरोहर है। कलेक्टर ने सभी से आग्रह किया कि वे अपने जीवन के अनुभव और ज्ञान को समाज के साथ साझा करें, जिससे नई पीढ़ी को मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने पेंशन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के लिए कोषालय अधिकारी एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए निर्देश दिए कि आगामी छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले सभी शासकीय सेवकों के पेंशन एवं अन्य देयकों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सेवानिवृत्ति के दिन ही संबंधित कर्मचारी को उसके सभी स्वत्व प्राप्त हों, ताकि उसे किसी प्रकार की मानसिक या आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पेंशनर संघ के सदस्यों ने उन्हें अपने परिवार का हिस्सा बताते हुए आत्मीय स्वागत किया। समारोह सौहार्द, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव के साथ संपन्न हुआ।




