छत्तीसगढ़जगदलपुर/बकावंड/बस्तर

आंगनबाड़ी मिनी केंद्र में बाउंड्री वॉल के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप, बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़

1.80 लाख की स्वीकृति, लेकिन मौके पर नहीं बनी बाउंड्री वॉल,सरपंच-सचिव पर राशि के बंदरबांट का आरोप, बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

,, डमरू कश्यप,,
.    जगदलपुर।  बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायत वनकोमार में संचालित आंगनबाड़ी मिनी केंद्र में बाउंड्री वॉल निर्माण के नाम पर गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए स्वीकृत राशि के बावजूद आज तक आंगनबाड़ी केंद्र में बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं कराया गया है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी भवन की सुरक्षा के लिए लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। लेकिन वर्तमान स्थिति में मौके पर बाउंड्री वॉल का कोई नामोनिशान दिखाई नहीं दे रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के नाम पर ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव द्वारा राशि का बंदरबांट कर लिया गया। बताया जा रहा है कि करीब 70 हजार रुपये की ईंट सामग्री खरीदी दिखाकर खर्च दर्शाया गया है, जबकि स्थल पर न तो निर्माण कार्य पूरा हुआ है और न ही किसी प्रकार की सामग्री का उपयोग दिखाई देता है।

बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह खुला पड़ा हुआ है। ऐसे में यहां पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चे अक्सर सड़क किनारे खेलने को मजबूर हो जाते हैं। केंद्र के पास से लगातार दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत प्रशासन की होगी।

इस संबंध में जब पंचायत सचिव जोगेश्वर पांडे से चर्चा की गई तो उन्होंने कथित तौर पर मीडिया से खबर प्रकाशित न करने की बात कहते हुए “खर्चा-पानी” की बात कही, जिससे पूरे मामले पर और भी संदेह गहरा गया है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा आंगनबाड़ी केंद्र में शीघ्र बाउंड्री वॉल निर्माण कराने की मांग की है।

अब देखना होगा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और आंगनबाड़ी केंद्र में बाउंड्री वॉल निर्माण कब तक कराया जाता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और नन्हे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar