
जगदलपुर,4 सितम्बर 2026
शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को बस्तर संभाग में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य समारोह जगदलपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में दोपहर 11 बजे से आयोजित होगा।
संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बस्तर, जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस समारोह में संभाग के सातों जिलों से चयनित कुल 74 प्राचार्यों, प्रधान पाठकों और व्याख्याताओं को शिक्षा के उन्नयन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पाण्डे करेंगे।
इस अवसर पर चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, नगर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन और शिक्षा समिति सभापति कलावती कसेर सहित कई जनप्रतिनिधि मंच साझा करेंगे।
कार्यक्रम में जिला कमिश्नर स्काउट गाइड सुरेश गुप्ता सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे। समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित शिक्षकों के योगदान को सम्मानित कर उनके कार्यों को प्रोत्साहित करना है।




