
जगदलपुर,1 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ प्रदेश लोक कलाकार कल्याण संघ के तत्वावधान में रविवार को रायपुर की पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर सत्संग भवन में लोकधरा गौरव सम्मान 2026 समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोक कलाकारों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दीप प्रज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल मौजूद रहे। इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष गुरुदास मानिकपुरी, उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, सचिव हृदय अनंत सहित संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोक कलाकार उपस्थित रहे।
समारोह में बस्तर जिले के 10 लोक कलाकारों को लोक कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मान-पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में बस्तर विकासखंड के माध्यमिक शाला इच्छापुर में शिक्षक एलबी के पद पर कार्यरत महेंद्र सिंह ठाकुर को पारंपरिक लोक कला के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘लोक धरोहर सम्मान’ से नवाजा गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि लोक कला छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लोक कलाकार पारंपरिक कला, संस्कृति और लोक विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। कलाकारों को इस तरह सम्मानित करने से लोक कला के संरक्षण के साथ ही नई पीढ़ी को पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने के प्रयासों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।





