छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

मछली पालन से आत्मनिर्भर बनेंगे बस्तर के किसान: जगदलपुर में संगोष्ठी, 3 सहकारी समितियों को मिले मछली पकड़ने के जाल

जगदलपुर, 22 नवंबर 2026/ मत्स्यपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनाने के उद्देश्य से जगदलपुर के टाउन हॉल में शनिवार को संभाग स्तरीय ‘विश्व मात्स्यिकी दिवस’ का भव्य और गरिमामयी आयोजन किया गया। एक दिवसीय मत्स्य किसान संगोष्ठी व सम्मान समारोह में बस्तर संभाग के सभी सात जिलों से पहुंचे मछुआ सहकारी समितियों, मछुआ समूहों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, प्रगतिशील मत्स्यपालक कृषकों और विभागीय अमले ने उत्साह के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी मंचासीन रहे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि स्थायी समिति के सभापति कामदेव बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान और जनपद पंचायत बस्तर की सदस्य करुणा ने शिरकत की। अतिथियों ने अपने संबोधन में मत्स्य पालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था व स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बताते हुए विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने और अधिक से अधिक लोगों को मत्स्य पालन से जोड़ने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम के आयोजक एवं मत्स्यपालन विभाग के उपसंचालक मोहन लाल राणा ने स्वागत उद्बोधन में विश्व मात्स्यिकी दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए मत्स्य पालन को आजीविका व रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम बताया। तकनीकी सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों की आय बढ़ाने के व्यावहारिक व वैज्ञानिक उपाय साझा किए। कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा के प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक ओम प्रकाश ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाले तिलापिया और झींगा पालन की आधुनिक तकनीकों, तालाब प्रबंधन तथा मत्स्य उत्पादन में वृद्धि के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी। वहीं दंतेवाड़ा के सहायक संचालक मत्स्यपालन वाईके देवांगन ने उन्नत तकनीकों के साथ राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी और विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई।

इस दौरान संभाग के सातों जिलों के प्रगतिशील कृषकों ने मंच से अपने नवाचार और अनुभव साझा किए, जबकि अतिथियों ने मत्स्यपालक कृषकों व हितग्राहियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को जाना। पशुधन विकास विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. डीके नेताम ने मत्स्यपालन के साथ एकीकृत कुक्कुटपालन अपनाने पर विशेष जोर दिया।

इस समारोह का विशेष आकर्षण उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों का प्रोत्साहन और हितग्राहियों को सामग्री वितरण रहा। छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026 एवं राज्योत्सव के अंतर्गत प्रतिष्ठित ‘ठाकुर प्यारेलाल पुरस्कार’ से सम्मानित लोहंडीगुड़ा विकासखंड के ग्राम चित्रकोट की प्राथमिक कुड़ूक मछुआ एवं नौका विहार समिति को उनकी गौरवशाली उपलब्धि पर अतिथियों ने विशेष रूप से सम्मानित किया।

इसके साथ ही समिति अनुदान योजनांतर्गत बस्तर जिले की 3 मछुआ सहकारी समितियों को मत्स्य आखेट के लिए जाल वितरित किए गए तथा मत्स्य पालकों व समितियों को आवश्यक उपकरण व अन्य सामग्री प्रदान की गई। पशुपालन विभाग की ओर से भी हितग्राहियों को पशुपालन मैत्री किट वितरित की गई।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar