छत्तीसगढ़

बिलासपुर में चरित्र शंका पर गर्भवती पत्नी पर रॉड से हमला, गर्भस्थ बच्चे की मौत, आरोपी पति वारदात के बाद फरार

बिलासपुर,4 अक्टूबर 2026

बिलासपुर के हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। चरित्र पर संदेह को लेकर एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली सभ्या की शादी करीब तीन साल पहले बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात दोनों घर पर थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज की। पत्नी के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी।

पेट पर रॉड से किया हमला

आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने लोहे की रॉड से पत्नी के पेट पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजन महिला को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

पहले भी कर चुका है मारपीट

पुलिस के अनुसार आरोपी के हिंसक व्यवहार का यह पहला मामला नहीं है। करीब पांच महीने पहले पत्नी के मायके में रहने के दौरान भी उसने रात में खाना देर से देने की बात को लेकर अपनी वृद्ध मां के साथ मारपीट की थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी आए दिन घरवालों से विवाद और मारपीट करता था।

फिलहाल आरोपी पति फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और बोड़सरा सहित उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar