बस्तर में बाढ़ पीड़ितों के लिए बंगाली समाज आगे आया: मैत्री संघ ने कलेक्टर को सौंपा 21 हजार का चेक, कहा—मुश्किल घड़ी में साथ खड़े रहना कर्तव्य

जगदलपुर, 06 अक्टूबर 2026/ बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर एवं पड़ोसी राज्य ओडिशा के खातीगुड़ा व मुरान बांधों के फाटक खोले जाने से बस्तर जिला क्षेत्र में विकराल बाढ़ और गंभीर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई थी, जिसके चलते आम जनजीवन के साथ-साथ सभी सामान्य गतिविधियां पूरी तरह ठहर गई थीं।
इस बीच प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए जगदलपुर शहर की बहु प्रतिष्ठित बंगाली संस्था मैत्री संघ ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राहत का हाथ आगे बढ़ाया है। मैत्री संघ संस्था के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचकर बाढ़ राहत हेतु मुख्यमंत्री सहायता कोष के नाम 21 हजार रुपए का चेक बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा को सौंपा।
इस दौरान मैत्री संघ संस्था अध्यक्ष दीपक घोष, महासचिव सुनील साहा, कोषाध्यक्ष देवाशीष चौधरी, संयुक्त सचिव देवव्रत बराल तथा वरिष्ठ सदस्य अशोक रंजन मुखर्जी उपस्थित रहे।
संस्था के महासचिव सुनील साहा ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें सहायता उपलब्ध कराना हमारा कर्तव्य और नैतिक दायित्व है। हमारी संस्था भी जनहित के कार्यों में सदैव तत्पर रही है।




