बस्तर की एंजल बघेल ने मारी बाजी, सुपर गर्ल प्रतियोगिता में भाषण विधा में जिले में हासिल किया पहला स्थान

बस्तर, 13 अक्टूबर। जिला स्तरीय सुपर गर्ल प्रतियोगिता में विकासखंड बस्तर के प्राथमिक शाला खैरगुड़ा की छात्रा एंजल बघेल ने भाषण विधा में प्रथम स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में एंजल ने अपनी प्रतिभा और भाषण कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एंजल की सफलता पर बीईओ भारती देवांगन, प्रधान अध्यापक छन्नू राम मंडावी, बीआरसी अजम्बर कोर्राम, सीएसी कृष्णा सिंह ठाकुर और शिक्षिका इंदुमती ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
एंजल बघेल की इस उपलब्धि से प्राथमिक शाला खैरगुड़ा का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनी है।



