छत्तीसगढ़नारायणपुर

नारायणपुर में नक्सलियों के ठिकानों पर सर्चिंग जारी, सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता; ड्रिल-वेल्डिंग मशीन समेत भारी तकनीकी सामान बरामद

नारायणपुर,14 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जवानों ने ग्राम डुंगा और रेकावाया के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान भारी मात्रा में मशीनरी उपकरण और तकनीकी सामग्री बरामद की है। बरामद सामान में ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, ब्लोअर और ग्राइंडर सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण शामिल हैं।

SP और DSP के नेतृत्व में चल रहा अभियान

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन और डीएसपी मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में सुरक्षाबलों की टीम लगातार जंगलों में सर्चिंग कर रही है।

सर्चिंग में मिली मशीनरी और तकनीकी सामग्री

अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी संख्या में तकनीकी उपकरण मिले हैं। बरामद सामग्री में 2 ड्रिल मशीन, 2 वेल्डिंग मशीन, 1 कटर मशीन, 3 ब्लोअर, 1 बेंच ग्राइंडर, 1 टेबल ड्रिल मशीन और 2 टेबल ग्राइंडर शामिल हैं।

इसके अलावा जवानों ने वेल्डिंग होल्डर, वायरिंग बोर्ड, मोटर, आर. बॉक्स वायर, स्प्रिंग वायर, बाइंडर, रॉकेट सेट, ड्रिल बिट, टेप रिंच, स्पैनर, वी-बेल्ट और बेंच वाइस समेत अन्य तकनीकी सामग्री भी बरामद की है।

नक्सल मुक्ति के बाद भी जंगलों में सघन सर्चिंग

नारायणपुर पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों से मुक्ति के बाद भी शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों का उद्देश्य जंगल और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar