मनोरंजन

‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन में स्पेशल होस्ट बनेंगे अजय देवगन, बोले- किसी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें

एंटरटेनमेंट डेस्क,31 अगस्त 2026

मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन अब लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन से जुड़ने जा रहे हैं। अभिनेता शो के नए सीजन ‘क्राइम पेट्रोल-क्राइम का करंट सीजन’ में स्पेशल होस्ट के रूप में नजर आएंगे। शो में वह असल जिंदगी के अपराध मामलों से प्रेरित कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाते दिखाई देंगे।

शो से जुड़ने को लेकर अजय देवगन ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा इसकी वास्तविक कहानियां आकर्षित करती हैं। उनके मुताबिक, शो में दिखाई जाने वाली घटनाएं अपराध के मामलों से प्रेरित होती हैं और कई मामले ऐसे होते हैं, जो बेहद चौंकाने वाले होते हैं। कई बार अपराध में ऐसे लोग शामिल होते हैं, जिन पर आम इंसान को शक तक नहीं होता।

अजय ने कहा कि ‘क्राइम पेट्रोल’ सिर्फ अपराध की कहानी दिखाने तक सीमित नहीं है। इसमें यह भी दिखाया जाता है कि किसी मामले को सुलझाने के लिए पुलिस और जांच अधिकारियों को कितनी मेहनत करनी पड़ती है। किसी केस को हल करने के पीछे की जांच, कोशिश और लगातार मेहनत को भी शो में प्रमुखता दी जाती है।

अभिनेता के मुताबिक, वह इस शो को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं मानते, बल्कि इसे लोगों को जागरूक करने वाला कार्यक्रम भी मानते हैं। शो की कहानियां दर्शकों को अपने आसपास की परिस्थितियों को लेकर सतर्क रहने का संदेश देती हैं।

अजय देवगन ने दर्शकों को खास तौर पर आगाह करते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति या यहां तक कि जान-पहचान वाले व्यक्ति पर भी आंख मूंदकर भरोसा करना हमेशा सही नहीं होता। उनका मानना है कि ऐसी जागरूकता युवाओं, परिवारों और बुजुर्गों समेत हर उम्र के लोगों के लिए जरूरी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन ने शो के लिए 15 एपिसोड की शूटिंग पहले ही पूरी कर ली है। हालांकि, वह आगे भी शो के होस्ट बने रहेंगे या नहीं, यह दर्शकों की प्रतिक्रिया और शो की टीआरपी पर निर्भर करेगा।

शो से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, अजय की होस्टिंग को दर्शकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया और शो की टीआरपी देखने के बाद उनके आगे के एपिसोड में बने रहने को लेकर फैसला किया जाएगा। अगर दर्शकों को उनकी होस्टिंग पसंद आती है और शो की टीआरपी में बढ़ोतरी होती है, तो उनकी मौजूदगी आगे भी जारी रह सकती है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar