छत्तीसगढ़

अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए 18.42 करोड़ रुपए का आवंटन जारी

रायपुर, 18 सितंबर 2026

प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत 1535 अतिथि शिक्षकों को मिलेगा लाभ, छह माह के मानदेय के लिए राशि स्वीकृत

राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु 18 करोड़ 42 लाख रुपए का आवंटन जारी किया गया है। यह राशि छह माह के मानदेय भुगतान के लिए स्वीकृत की गई है। आदेश के अनुसार अतिथि शिक्षकों का प्रतिमाह मानदेय 20 हजार रुपए निर्धारित है।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 18 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत कुल 1535 अतिथि शिक्षकों के लिए राशि आवंटित की गई है। इसमें बस्तर जिले के 133 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपए का आवंटन किया गया है। वहीं कांकेर के 126 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपए तथा कोंडागांव के 141 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

बस्तर संभाग के सातों जिलों को राशि

इसी प्रकार दंतेवाड़ा के 31 अतिथि शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार रुपए, सुकमा के 48 अतिथि शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए, बीजापुर के 48 अतिथि शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए और नारायणपुर के 36 अतिथि शिक्षकों के लिए 43 लाख 20 हजार रुपए का आवंटन जारी किया गया है।

इस तरह बस्तर संभाग के सातों जिलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है।

बलरामपुर में सबसे अधिक अतिथि शिक्षकों को लाभ

प्रदेश स्तर पर बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 220 अतिथि शिक्षकों के लिए 2 करोड़ 64 लाख रुपए का आवंटन किया गया है। वहीं सूरजपुर में 130 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपए तथा सरगुजा में 71 अतिथि शिक्षकों के लिए 85 लाख 20 हजार रुपए जारी किए गए हैं।

जारी आवंटन से संबंधित जिलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के छह माह के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar